जलालाबाद गंगा श्री का फाइल फोटो
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। सोमवार सुबह गंगा स्नान के लिए ढाईघाट जा रहे दंपती की बाइक को बरेली हाईवे पर एक वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल पति-पत्नी को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में महिला गंगाश्री को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पति श्यामपाल को इलाज के लिए बरेली ले जाया है। महिला की मौत से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
थाना मदनापुर के गांव अकबरपुर तिरिया निवासी श्यामपाल करीब 33 वर्षीय अपनी पत्नी गंगा श्री के साथ बाइक से मिर्जापुर के ढाईघाट गंगा स्नान को जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे जब उनकी बाइक बरेली हाइवे पर गांव हीरानगर के पास थी। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। परन्तु गंगाश्री की रास्ते में ही मौत हो गई।
जबकि श्यामपाल की गंभीर हालत के चलते परिजनों ने उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। श्यामपाल के भाई अरविंद की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया है। अरविंद ने बताया कि गंगाश्री की तीन साल पहले ही शादी हुई थी। उनके कोई संतान नहीं है।