शाहजहांपुर जनपद के भिटारा गांव निवासी युवक रविवार रात बाइक से घर लौट रहा था। फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में हाईवे पर किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई।
भाई को फैक्टरी में छोड़कर लौट रहे बाइक सवार युवक की टक्कर रविवार रात करीब एक बजे किसी अज्ञात वाहन से हो गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बरेली जनपद के फतेहगंज पूर्वी में हुआ। युवक शाहजहांपुर के जैतीपुर क्षेत्र का निवासी था।
विज्ञापन
जैतीपुर थाना क्षेत्र के भिटारा गांव निवासी किशन लाल (30) का छोटा भाई सुरजीत बरेली में रजऊ परसपुर में एक फैक्टरी में काम करता था। किशन अपने भाई को फैक्टरी तक छोड़ने के लिए बाइक से रविवार शाम करीब 6:30 बजे निकला था।
टिसुआ के पास हुआ हादसा
भाई को फैक्टरी में छोड़ने के बाद किशन लाल बाखरगंज में अपनी रिश्तेदारी में चला गया। रात करीब एक बजे वह वापस आ रहा था। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के टिसुआ के पास लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर उसकी बाइक में लग गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। किशनलाल चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। किशन लाल की मौत से मां कन्यावती, पिता रामौतार, पत्नी सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके दो बेटे और एक बेटी है।