सराय के नवीन की मौत पर रोते परिजन। संवाद
खुटार। डीसीएम की चपेट में आकर बाइक सवार युुवक की मौत हो गई। डीसीएम और चालक को पुलिस को सौंप दिया गया है।
गांव सराय निवासी सर्वेश कुमार का 19 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार रविवार की शाम बाइक से कहीं गए थे। वापस घर आते समय गांव नवदिया ओरीलाल खांड़ेपुर मार्ग पर सामने से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में नवीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और हादसे के बाद भाग रहे डीसीएम चालक को कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
नवीन की मौत की खबर घर पहुंची तो रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। नवीन की मौत से पिता सर्वेश कुमार, माता सत्यवती, छोटे भाई प्रवीण का रो रोकर बुरा हाल है। कार्यवाहक थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।