मंगल हुसैन का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिकअप की चपेट में आकर गांव फीलनगर निवासी मंगल हुसैन (45) की मौत हो गई। बाइक चला रहा फरमान घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
मेहनत-मजदूरी करने वाले मंगल हुसैन कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शनिवार को सीएचसी पर दवा लेने आए। यहां से डॉक्टर ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां से वह गांव मिल्कीपुर खैरपुर निवासी मौसेरे भाई फरमान हुसैन की बाइक पर सवार होकर अस्पताल के लिए रवाना हुए।
फरमान हेलमेट लगाकर बाइक चला रहे थे। मंगल पीछे बैठे थे। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शारदा नहर पुल के पास शाहजहांपुर से कटरा की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में मंगल की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा फरमान घायल हो गया। हेलमेट लगाए हाेने की वजह से उसे ज्यादा चोट नहीं आई। बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद चालक पिकअप को छोड़कर भाग गया। सूचना पर पुलिस ने घायल को कटरा सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने मंगल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।