शाहजहांपुर के जलालाबाद में बरात से लौट रहे बीफार्मा छात्र की बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे छात्र की मौत हो गई। बाइक पर बैठी दोस्त की मां घायल हो गई।
शाहजहांपुर के जलालाबाद में बुधुआना रोड पर गांव हरेवा जाने वाले चौराहे के पास किसी वाहन से बाइक को टक्कर लग गई। हादसे में मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव उइला थाथरमई निवासी 24 वर्षीय आकाश की मौत हो गई। उनकी बाइक पर बैठी दोस्त की मां सविता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
गांव उइला थाथरमई निवासी दृगपाल के चार बेटों में सबसे छोटा आकाश जनपद फर्रुखाबाद में रहकर बी.फार्मा कर रहा था। रविवार को उसके दोस्त की बहन की जलालाबाद स्थित एक मैरिज लॉन में शादी थी। इसमें शामिल होने वह भी आया था। गांव चौखुटिया निवासी श्रीपाल की पत्नी सविता को भी इस शादी में आना था।
दोस्त की मां को घर छोड़ने जा रहा था आकाश
सविता के बेटे आशीष व आकाश में दोस्ती है। शाम को आशीष ने आकाश को कॉल कर मां सविता को अपने साथ बरात में लेकर जाने को कहा। आकाश दोस्त की मां सविता को गांव से ले आया और बरात का कार्यक्रम निपटने के बाद रात करीब 11 बजे उन्हें बाइक से घर छोड़ने जा रहा था।
विज्ञापन
रास्ते में हादसा हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को आकाश और सविता सड़क पर लहूलुहान पड़े मिले। उन्हें सीएचसी भिजवाया। यहां डॉक्टर ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। महिला आशा कार्यकत्री बताई जा रही है। आकाश की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।