खुटार (शाहजहांपुर)। शादी समारोह से घर जाते समय कुत्ते को बचाने के फेर में बाइक गिर जाने से पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव गोरा निवासी फजलुर्रहमान की 60 वर्षीय पत्नी रहनुमा बेगम की मौत हो गई। परिजन पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही शव को घर ले गए हैं।
रहनुमा बेगम अपने पुत्र मिस्बाहुर्रहमान के साथ बाइक से समधी इकबाल खान के यहां निकाह कार्यक्रम में शामिल होने खुटार के गांव कैमहरिया आई थीं। दोपहर बाद तीन बजे वह घर जा रहीं थीं। खुटार-पुवायां हाइवे पर ओवरब्रिज के पास कुत्ते को बचाने के फेर में बाइक अनियंत्रित होकर गिर जाने से रहनुमा बेगम और मिस्बाहुर्रहमान घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। राहगीरों की सूचना पर 108 सेवा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और चालक, ईएमटी घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी पर डॉक्टर ने रहनुमा बेगम को मृत घोषित कर दिया। मिस्बाहुर्रहमान को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मिस्बाहुर्रहमान ने मां की मौत की सूचना घर दी तो परिजनों में खलबली मच गई। लगभग एक घंटे बाद परिजन सीएचसी पहुंचे। सूचना पाकर पुलिस भी सीएचसी पहुंची और घटना की जानकारी ली।
थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि रहनुमा बेगम की बाइक से गिरने से मौत हुई है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया और शव को घर ले गए हैं। इस कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई है।