पुवायां। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर गांव करनापुर के पास बाइक सांड़ से टकराने पर महिला की मौत हो गई। हादसे में गंभीर घायल पति को मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के खानपुर निवासी दुर्गेश कुमार अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ सोमवार रात आठ बजे बाइक से खुटार कस्बे में अपनी बुआ के घर जा रहे थे। गांव करनापुर के पास सड़क पर घूम रहे सांड़ से बाइक टकरा गई। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने दंपती को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने 38 वर्षीय राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल दुर्गेश कुमार की हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। हादसे में मां की मौत की जानकारी पाकर बेटी पल्लवी, पुत्र विशाल और सुमित के साथ ही अन्य परिजन रोते बिलखते हुए सीएचसी पहुंचे। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवाया जाएगा।