शाहजहांपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने अपनी की सरकार में सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को दर्जनों किसानों के साथ वह डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मिले। पावर कॉरपोशन पर कई आरोप लगाते हुए कॉरपोशन ज्ञापन दिया। जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीएम ने उनकी शिकायतों के निस्तारण का भरोसा दिया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने पावर कॉरपोशन की मनमानी की शिकायत करते हुए डीएम के सामने क्षेत्र कि किसानों की समस्याओं को ज्ञापन के जरिए रखा। ज्ञापन में कहा गया है कि गांव-देहात में रोस्टर के अनुसार बिजली सप्लाई नहीं हो रही। 18 के स्थान पर 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। जबकि सरकार की मंशा गांव-देहात को 22 घंटे बिजली देने की है। शहरी क्षेत्र में 24 और देहात में 48 घंटे में फुंका ट्रांसफार्मर बदला जाना चाहिए। पावर कॉरपोशन यह भी नहीं कर रहा। नलकूपों के बिजली कनेक्शन में बड़ी हेराफेरी का आरोप लगाते हुए डीएम से जांच कराने की मांग की। कहा गया है कि नलकूप कनेक्शन के लिए किसानों के करोड़ों रुपये जमा कर लिए गए हैं। नियमानुसार कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे। मीटर बदलने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही है। किसान परेशान हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लाइनों की स्थिति बेहद खराब है। जर्जर लाइनों से अक्सर हादसे हो रहे हैं। गांव-देहात में बेवजह बिजली कटौती पर रोक की मांग उन्होंने डीएम से की। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर अमरीक सिंह, सुखजिंदर सिंह, रामचंद्र तिवारी, उस्मान, ब्रजलाल, शंकर सरन आदि भी रहे।