खुदागंज। निगोही मार्ग किनारे स्थित बंडिया गांव निवासी मनोहरलाल यादव का नौ वर्षीय बेटा विपिन यादव सोमवार शाम पांच बजे गांव के बाहर सड़क किनारे बच्चों के साथ खेल रहा था। अचानक उसका पैर फिसला और वह पानी भरे गहरे गड्ढे में गिर गया। साथी बच्चे दौड़कर गांव पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। परिजन व गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बालक को बमुश्किल गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मनोहर के एक बेटी और एक बेटा था। अब परिवार में सात वर्षीय एक बेटी रह गई है।