जलालाबाद तहसील परिसर मे धरना देते भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ता। स्रोत : संगठन
डीएम के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। फर्रुखाबाद-बरेली हाईवे पर नगर के मुख्य चौराहे का नाम परशुरामपुरी चौक घोषित किए जाने की मांग का विरोध करते हुए सोमवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन कर धरना दिया। बाद में एसडीएम प्रभात राय को डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
संगठन के जिला संयोजक दिनेश कुमार गौतम के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि उन लोगों को जानकारी मिली है कि बजरंग दल की ओर से नगर के मुख्य चौराहे का नाम परशुराम चौक घोषित किए जाने की मांग की गई है। इस मांग का भीम आर्मी विरोध करती है।
बताया कि यह चौराहा पिछले 50 वर्षों से आंबेडकर चौराहा के नाम से जाना जाता है। नाम बदलने से न केवल चौराहे की पहचान खत्म होगी बल्कि लोगों के बीच भ्रम की स्थिति भी बनेगी।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन की मांग है कि इस चौराहे का नाम न बदला जाए तथा इस चौराहे का नाम आंबेडकर चौराहा घोषित कराया जाए। इस दौरान श्याम लाल सागर, अजीत कुमार, राजकुमार, रामबहादुर व शैलेंद्र सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।