तिलहर-निगोही मार्ग स्थित बंद पड़े रेलवे फाटक के पास धरने पर बैठे भाकियू भानू गुट के पदाधिकारी।
- फोटो : कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के साथ बैठक करते एडीएम विशुराजा। स्रोत विभाग
तिलहर। निगोही मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण लंबे समय से बंद होने के कारण लोगों को बेहद परेशानी हाे रही है। क्रॉसिंग खुलवाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में शनिवार को सुबह वहीं पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, सूचना पाकर वहां पहुंचे तहसीलदार दीपेंद्र कुमार ने रेल अधिकारियों से समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को मना लिया।
युवा जिलाध्यक्ष के साथ यूनियन के तमाम कार्यकर्ता रेलवे क्राॅसिंग पर पहुंचे और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के साथ धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ओवरब्रिज के निर्माण की समय सीमा काफी पहले समाप्त हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
इसके बावजूद करीब दो माह से रेलवे फाटक बंद है। इस कारण ग्रामीणों को असुविधा हो रही है। किसान अपनी गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्राॅली और बैलगाड़ी लेकर घूमकर चीनी मिल पहुंच रहे हैं। यदि जल्द ही ओवरब्रिज का निर्माण पूरा करके फाटक नहीं खोला गया, तो यूनियन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएगी।
दोपहर में धरनास्थल पर पहुंचे तहसीलदार ने आश्वस्त किया उनकी मांगों को जल्द ही विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराया जाएगा। आश्वासन मिलने पर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। धरना-प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष गेंदन लाल लोधी, वेदपाल सिंह, मलखान, निर्मला, सुनीता, संगीता देवी आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।