पुवायां में एसडीएम को ज्ञापन देते भाकियू कार्यकर्ता। संवाद
पुवायां। धान खरीद में धांधली का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि छह नवंबर को बंडा मंडी का घेराव किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को तहसील परिसर पहुंचे जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने कहा कि बंडा मंडी परिसर में 24 धान खरीद केंद्र लगे हैं। ज्यादा क्रय केंद्र होने के बाद भी बंडा में पुवायां से कम धान खरीद हुई है। यहां किसानों को टरकाया जा रहा है। अधिकारी भी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
छह नवंबर को बंडा मंडी का घेराव किया जाएगा और किसानों का धान तौलवाए जाने की मांग रखी जाएगी। बाद में एसडीएम को दिए ज्ञापन में बंडा मंडी में लाइट की व्यवस्था सही कराने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने, राइस मिलों में धान का स्टाक चेक कराने और सत्यापन कराने की मांग की गई है। संवाद
किसानों से धान खरीदकर मंडी में बेचने पहुंच गया युवक
तिलहर। किसानों से धान खरीदकर अवैध रूप से क्रय केंद्रों पर बेचने पहुंचे एक युवक को बृहस्पतिवार की शाम केंद्र प्रभारियों ने पकड़ लिया। सूचना पर तहसीलदार दीपेंद्र कुमार व मंडी सचिव शिवेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी युवक चकमा देकर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है।
केंद्र प्रभारियों ने बिना टोकन के ट्राॅली लेकर केंद्र में पहुंचे युवक को धान डालते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान सौरभ के रूप में हुई। केंद्र प्रभारियों के अनुसार, सौरभ बीते कई दिनों से मंडी में अलग-अलग क्रय केंद्रों पर किसानों से धान खरीदकर अवैध रूप से बेच रहा था। मंडी सचिव शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहसीलदार दीपेंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके से धान से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। प्रकरण की जांच की जा रही है। संवाद