पुवायां। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को सीओ कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन पर बैठ गए। आरोप है कि किसानों की जमीन पर जबरिया कब्जे को रोका नहीं जा रहा है।
भाकियू जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि खुटार के गांव बिजौरा बिजौरिया में एक कंपनी के प्रबंधक ने चकमार्ग पर सोलर प्लेट और पोल लगाकर निकास बंद कर दिया है। कंपनी की ओर से नवीन परती की भूमि पर भी अवैध कब्जा कर लिया गया है। कोर्ट में मुकदमा चलने के बाद भी किसान जगप्रीत सिंह और अमरजीत सिंह की भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। इस जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
मंजीत सिंह के अनुसार ज्ञापन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण मजबूरन धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। धरने की सूचना पर सीओ बीएस वीरकुमार ने मौके पर पहुंचे किसानों की समस्या सुनी। सीओ के समस्या का जल्द निस्तारण कराने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया। धरना प्रदर्शन के दौरान अनिल सिंह यादव, सरजीत सिंह, हंसराम, बाबूराम, वीरेंद्र शर्मा, श्रीकृष्ण जाटव, हरजिंदर सिंह, प्रदीप कुमार सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
गन्ने का भुगतान और भैंसी पुल निर्माण कराने की मांग
पुवायां। भारतीय किसान यूनियन ( किसान सरकार) की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को देकर बजाज चीनी मिल मकसूदापुर और सहकारी चीनी मिल पुवायां पर गत सत्र का बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने, भैंसी नदी के पुल का निर्माण कराने की मांग की गई है। ज्ञापन पर अध्यक्ष पवन कश्यप, रामनिवास कश्यप, कन्हैयालाल, सुरेश सिंह यादव, रामरतन आदि के हस्ताक्षर हैं। संवाद