शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को बादल छाए रहने से हुई सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनकर ई -रिक्श?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी और हवा के दबाव में वृद्धि से मौसम ने बृहस्पतिवार को सुबह से अचानक करवट बदल ली। रात से छाए बादल घने हुए तो न्यूनतम तापमान चार डिग्री बढ़ने से लोगों को उमस महसूस हुई लेकिन सुबह से बादलों से आसमान घिरा रहने के कारण धूप नहीं निकली और हवा चली तो सर्दी एकाएक बढ़ गई। दिन में अधिकतम तापमान 5.5 गिरकर 23.5 डिग्री सेल्सियस हो गया।
वायुदाब में उतार-चढ़ाव चार दिन से बना हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह लोग बाहर निकले तो सात से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। इससे जनजीवन को ठिठुरन का अहसास कराना शुरू कर दिया। सूर्योदय के बाद भी धूप नहीं निकली और इससे दिनभर सर्दी रही। सड़कों से लेकर बाजारों तक रोजाना जैसी चहलपहल भी नहीं दिखी। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की पहाड़ियों पर बर्फबारी का दौर शुरू होने के साथ ही वायुदाब में उतार चढ़ाव के कारण पश्चिमी विक्षोभ मजबूत हो रहा है। इस वजह से बादल अगले 24 घंटे तक आसमान घेरे रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि वायुदाब में वृद्धि हुई तो हवा की गति बढ़ने के अनुपात में शुक्रवार को सर्दी भी बढ़ जाएगी।