घंटाघर के समक्ष डॉ. अंबेडकर पार्क के सामने जागरण समिति के बैनर तले श्री बालाजी महाराज का भव्य जागरण हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड के कलाकारों ने कई फीट ऊंची झांकी सजाकर श्रोताओं को आकर्षित किया। इस बीच उमड़े बालाजी के भक्तों ने भजनों की गंगा में सुबह तड़के तक डुबकी लगाई।
सैकड़ों की संख्या में जुटे महिला-पुरुषों ने भजनों के माध्यम से श्री बालाजी महाराज का गुणगान सुना और तालियां बजाकर आनंद लिया। इस बीच भगवान विष्णु-लक्ष्मी, श्रीराम दरबार, शिव-पार्वती, श्री गणेश जी, बरसाने की होली, धनुष यज्ञ आदि की आकर्षक झांकियों का आनंद लिया। जागरण को भव्य बनाने के लिए आकर्षक झांकी के अलावा चौकी अंजान चौराहा तक सड़क के दोनों ओर लाइट और कपड़े की झालर से सजावट की गई। आयोजन में प्रख्यात गायक अंजलि द्विवेदी और उनकी टीम के साथियों ने कर्णप्रिय भजन सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। बालाजी महाराज के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। आयोजन में अनिल कुमार साहू, पवन वर्मा, दीपू अग्रवाल, रजनीश, अरविंद अग्रवाल आदि का योगदान रहा।