श्री बालाजी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजे और रथों पर सवार आकर्षक झांकियों ने नगरवासियों का मन मोह लिया। इस दौरान मां काली का अखाड़ा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
श्री मेंहदीपुर बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में बाबा विश्वनाथ मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा में श्री बाला जी महाराज, मां काली, हनुमानजी, राधा-कृष्ण, शंकर-पार्वती, भगवान परशुराम, भगवान विष्णु-लक्ष्मी, श्री गणेश जी महाराज आदि देव स्वरूपों की झांकियां बग्गियों पर बिराजमान थीं। सदर बाजार, बहादुरगंज, घंटाघर, चौक होते हुए शोभायात्रा का समापन केरूगंज में महाराजा अग्रसेन भवन में हुआ। शोभायात्रा का नगर में कई स्थानों पर जलपान कराकर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में महिलाएं कलश लेकर भी शामिल हुईं।
महंत राकेश गुप्ता के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा की व्यवस्था में अखिलेश अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, हरिशंकर पांडेय, विजय कुमार शिगतिया, रमाकांत मौर्य, सुनील कपूर, योगेश ग्रोवर, सुरेंद्र पाठक, विकास, नीटू, रोचक आदि का योगदान रहा। महंत राकेश गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे से सुंदरकांड का पाठ और रात आठ बजे से श्री बालाजी महाराज का संकीर्तन होगा। इसी तरह 22 अप्रैल को सुबह नौ बजे श्री हनुमान महायज्ञ और अपरान्ह एक बजे से अग्रसेन भवन में ही भंडारा होगा।
भजन-कीर्तन से किया बालाजी का गुणगान
शाहजहांपुर। श्री बालाजी धर्माथ संस्थान की ओर से मोहल्ला बाला तिराही स्थित मंदिर पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर बालाजी महाराज का गुणगान किया। इससे पूर्व महंत ओमदेव सांवरिया ने पूजन कर महिलाओं की कलश यात्रा रवाना की। आरती के बाद प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन में रामभगत अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, डॉ. अरुण रस्तोगी, मनोज गुप्ता, शुभम जिंदल, विश्वनाथ रस्तोगी, संजीव गुप्ता, राजेश, राज कुमार, रवि अग्रवाल, ओमेंद्र सक्सेना, सौरभ आदि का योगदान रहा।