शाहजहांपुर। खूंखार कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रत्येक जिले में श्वान आश्रय स्थल बनाए जाने हैं। नगर निगम ने इसके लिए ककरा में 4500 वर्ग मीटर जमीन चिह्नित कर कार्ययोजना शासन को भेज दी है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार शहर में करीब 10 से 12 हजार कुत्ते हैं। इनमें कई हिंसक कुत्ते भी शामिल हैं। इनके नियंत्रण के लिए अजीजगंज में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर संचालित है। यहां करीब 10 माह में पांच हजार से अधिक कुत्तों का बधियाकरण कर एआरवी लगाई जा चुकी है। सेंटर में 40 कुत्तों को अलग-अलग बैरक में रखने की व्यवस्था है। एक कुत्ते के उपचार पर करीब 900 रुपये खर्च आता है।
श्वान आश्रय स्थल बनने के बाद हिंसक कुत्तों को पकड़कर यहां रखा जाएगा। इनके लिए अलग-अलग बैरक बनाने के साथ देखभाल के लिए स्टाफ भी तैनात किया जाएगा।
श्वान आश्रय स्थल के लिए ककरा में जमीन चिह्नित कर कार्ययोजना शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा।
-डॉ. मनोज कुमार मिश्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी