डीआईओएस राकेश कुमार ने शुक्रवार को प्रधानाचार्यों की बैठक लेेकर उन्हें लंबित ऑडिट आपत्तियों का तत्काल निस्तारण कराने के दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व दशम और दशमोत्तर कक्षाओं की छात्रवृत्ति, कन्या विद्याधन आदि योजनाओं को वरीयता के आधार पर अपनाने पर जोर दिया।
क्रिश्चियन गर्ल्स हाई स्कूल में दोपहर को हुई बैठक में डीआईओएस ने कहा कि ऑडिट आपत्तियों को लेकर पहले से ही विभाग गंभीर बना हुआ है, अब मंडलायुक्त की अध्यक्षता में इसी सप्ताह बरेली में बैठक होनी है। इसलिए जिन कॉलेजों की आपत्तियों का निस्तारण अभी तक नहीं हो सका है, वह तत्काल उसका निस्तारण करा लें। उन्होंने छात्रवृत्ति के ऑनलाइन फार्म भरने में रुचि नहीं लेने वाले प्रधानाचार्याें को सचेत किया कि इस तरह से नहीं चलेगा, कॉलेज चलाना है तो शासन की मंशानुरूप काम भी करना होगा। शासन की योजनाओं को लागू करना और सफल बनाना हम सभी का दायित्व है।
डीआईओएस ने बताया कि इस बार से कन्या विद्याधन के लिए सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विद्यार्थी भी पात्र किए गए हैं, इसलिए इस पर ध्यान देते हुए काम तेजी से आगे बढ़ाया जाए। इससे दौरान डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों की समस्याएं भी सुनीं और उनको दूर करने का आश्वासन दिया। इस मेजबान कॉलेज की प्रधानाचार्य अल्पना सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. केके शुक्ला, वरिष्ठ प्रधानाचार्य केएस शुक्ला आदि प्रधानाचार्य मौजूद रहे।