शाहजहांपुर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट के सामने स्थित ऐक्सिस बैंक । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में रविवार तड़के चोरों ने सेठ इंक्लेव में एक्सिस बैंक का एटीएम सरिया से तोड़ दिया और चोरी की कोशिश की। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मुंबई कमांड सेंटर से घटना की जानकारी मिली तो बैंक के अधिकारी पुलिस के साथ पहुंचे। तब तक चोर भाग चुके थे। दो अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के सामने सेठ इंक्लेव में एक्सिस बैंक का एटीएम लगा है। यहां से कलक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक का कार्यालय भी पास है। रविवार तड़के तीन बजे दो चोर एटीएम में घुसे। उन्होंने एटीएम मशीन को लोहे की रॉड से क्षतिग्रस्त कर दिया। सात से दस मिनट तक बाद भी चोर कैश नहीं निकाल सके। तभी एक्सिस बैंक के कमांड सेंटर से सूचना बैंक के अफसरों को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो चोर भाग चुके थे। पुलिस ने चोरों की तलाश की, लेकिन हाथ नहीं लगे है। शाखा प्रबंधक राजीव रंजन की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुबह में एटीएम को तोड़ने की कोशिश की गई थी। सूचना आने पर सदर पुलिस तुरंत पहुंच गई थी। सीसीटीवी कैमरे में दो युवक दिखे हैं। उनकी तलाश की जा रही है। -सरवणन टी., सीओ सिटी