शाहजहांपुर के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के एक मोहल्ले से पांच वर्षीय बच्ची को मंगलवार की दोपहर दो लोगों ने घर के बाहर खेलते समय उठा लिया और जबरन ले जाने लगे। बच्ची ने उनमें से एक को काट लिया और शोर मचा दिया, तब आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। शाम को पिता ने थाने में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की पांच वर्षीय पुत्री ने इसी वर्ष स्कूल जाना शुरू किया है। वह मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे स्कूल से लौटकर आई थी और घर के बाहर खेल रही थी। तभी दो लोग आए और उसे उठाकर ले जाने लगे। थोड़ी दूर जाने के बाद बच्ची ने उनमें से एक व्यक्ति के हाथ में काट लिया और शोर मचा दिया, तब आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। बच्ची ने घर जाकर पूरी बात बताई।
शाम करीब सात बजे पिता ड्यूटी से घर आए तो उन्होंने थाने जाकर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर फत्तेपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर आए और जानकारी ली। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। चौकी प्रभारी ने बताया कि फुटेज में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखाई दिया है। मामले की जांच की जा रही है।