शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 72.10 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। अभी तक इस्लामिया इंटर कॉलेज में सबसे ज्यादा काॅपियों को जांचा गया है।
परिषद से आवंटित परीक्षक में आधे पहुंचने के बाद भी मूल्यांकन कार्य समय से पूर्ण होने की संभावना है। दसवीं के दो और बारहवीं के चार सेंटरों पर 19 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू किया गया था। जनपद में करीब पांच लाख कॉपियां भेजी गई थी। यहां आवंटित 2387 परीक्षकों में 1241 ही सेंटरों पर पहुंचे थे।
शुरुआत में लगा था कि कम परीक्षकों की वजह से काम समय से पूर्ण नहीं हो पाएगा, लेकिन काम काफी तेजी से निपट गया। आंकड़ों पर नजर डालें तो अभी तक 339924 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं। 131521 काॅपियां शेष रह गईं। 72.10 प्रतिशत काॅपी को जांच लिया गया।
एबी रिच कॉलेज में 65.48, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज में 71.41, एसपी इंटर कॉलेज में 72.21, स्वामी धर्मानंद कॉलेज में 80.82, जीआईसी में 75.92, इस्लामिया कॉलेज में सर्वाधिक 89.20 प्रतिशत काॅपियाें का मूल्यांकन किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य तेज गति से हो रहा है। 72.10 प्रतिशत तक काॅपी जांची जा चुकी हैं। कार्य को समय से पूर्ण कर लिया जाएगा।