शाहजहांपुर में हथौड़ा स्टेडियम में दौड़ में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
शाहजहांपुर। जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से मंगलवार को हथौड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय सब जूनियर और जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाते हुए पुरस्कार जीते।
अंडर-14 और अंडर-16 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी सुरेंद्र पाल बमनिया और जिला ओलंपिक संघ के सचिव नरेंद्र त्यागी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता में बालिका अंडर-16 वर्ग की 600 मीटर दौड़ में पूर्ति, अंशी और आशिक ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में सीतू, ज्योति और सुनहरी, जबकि गोला फेंक में वंशिका, रीना और अंशिका क्रमशः पहले तीन स्थानों पर रहीं। बालक अंडर-16 वर्ग की 60 मीटर दौड़ में शयान, अभिनव और अनमोल व 600 मीटर दौड़ में हरि प्रकाश, अर्जुन और प्रिंस ने बाजी मारी। अंडर-14 बालक वर्ग की किड्स जैवलिन स्पर्धा में सौरभ, सत्यम और अंशु जीते। विजेताओं को गंगाराम प्रेमी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय पाल वर्मा ने पुरस्कार प्रदान किए।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रत्नेश सक्सेना और संयुक्त सचिव ब्रजेश कुमार ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।