शनिवार सुबह शहर में छाया हल्का कोहरा। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
शाहजहांपुर। बादल छाए रहने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक वायुदाब 20 मिलीबार गिरा हुआ है। इससे कोहरे के आसार बन रहे हैं। तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार को बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई। धीमी गति से पछुआ हवा चली। शनिवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक वायुदाब 20 मिलीबार गिरा हुआ है। पछुआ हवा चल रही है। इसके असर से तापमान गिरने साथ कोहरा होने के आसार बन रहे हैं।
कूड़ा जलाकर ठिठुरन से बचाव कर रहे लोग
कांट। सर्दी सितम ढाने लगी है। सुबह और रात में ठिठुरन भी होने लगी है, लेकिन नगर पंचायत ने अब तक अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की है। इस कारण लोग कूड़ा जलाकर ठिठुरन से बचाव करने के लिए मजबूर हैं।
शुक्रवार रात से ठंड में काफी वृद्धि हुई है। पछुआ हवा चलने से शनिवार को सुबह के समय शीतलहर का प्रभाव महसूस किया गया। हर साल सर्दी बढ़ने पर नगर पंचायत की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए जाते हैं, लेकिन इस बार अब तक अलाव नहीं लगे हैं। इस कारण सुबह के वक्त बस स्टैंड के पास लोग कूड़े के ढेर को जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास करते देखे गए।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां ने बताया कि अलाव के लिए टेंडर जारी हो चुका है। एक-दो दिन में नगर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलने लगेंगे। संवाद