अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षत्रियों ने हवन पूजन के साथ शस्त्र भी पूजे और फायरिंग की।
महाराणा प्रताप भवन हथौड़ा बुजुर्ग में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय विक्रम सिंह, इंजीनियर आरपी सिंह, करन सिंह, हरिपाल सिंह, गजराम सिंह आदि ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप जलाकर किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह चौहान ने कहा कि क्षत्रिय समाज को प्रभु राम के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेते हुए समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ काम करना चाहिए। कुरीतियों को समाप्त कर देश की उन्नति में योगदान देना चाहिए। युवा प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह चौहान ने कहा कि हमें अपने पूर्वजों के इतिहास पर गर्व करते हुए नया इतिहास रचना चाहिए। आरक्षण खत्म कराने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए चौहान ने कहा कि जो राजनीतिक दल आरक्षण खत्म कराने की वकालत करेगा, क्षत्रिय उसी दल की वकालत करेंगे। क्योंकि आरक्षण व्यवस्था देश के लिए घातक सिद्ध हो रही है, इसलिए जरूरी हो तो आर्थिक आधार पर आरक्षण प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। जाति पर आधारित आरक्षण अब समाजहित में नहीं है। उन्होंने बताया कि आरक्षण के मुद्दे पर शीघ्र ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह भदौरिया और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह राठौर लखनऊ में मीटिंग करेंगे।
इससे पूर्व क्षत्रियों ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। कार्यक्रम में शरद कुमार सिंह, अजय पाल सिंह, मानवेंद्र सिंह, सुधांशु भदौरिया, अजीत सिंह बुंदेला, दीपक सिंह, सुनील सिंह छुन्ना, नवनीत सिंह बॉबी, शिव कुमार सिंह, राघवेंद्र सिंह, संजय सिंह, डॉ. अरुण सिंह, विश्शन सिंह राठौर, राजीव सिंह चंदेल, ऋषिपाल सिंह, आदित्य वीर सिंह आदि मौजूद रहे।