शाहजहांपुर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। इसके लिए मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट प्राप्त प्रशिक्षक 10 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत समग्र शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के अंतर्गत 51 विद्यालयों में प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिवंश कुमार ने बताया कि आवेदक को मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट होना अनिवार्य है। साक्षात्कार के बाद उनका चयन किया जाएगा। तीन माह तक प्रतिदिन 40 मिनट प्रशिक्षण देना होगा। महिला आवेदकों को वरीयता दी जाएगी। डीआईओएस कार्यालय से आवेदनपत्र प्राप्त करके या वेबसाइट shahjahanpur.nic.in के जरिये आवेदन किया जा सकता है। अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।