शाहजहांपुर। निजी स्कूलों की 25 फीसदी सीटों पर दुर्बल आय वर्ग वाले परिवारों के बच्चों का प्रवेश दिलाने के लिए शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत आवेदन हो रहे हैं। इसके दूसरे चरण के अंतर्गत आवेदन 19 जनवरी तक होंगे। पहले चरण में मात्र 365 आवेदन प्राप्त हुए थे, इनकी संख्या बढ़ाना चुनौतीपूर्ण होगा।
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत प्री-प्राइमरी व कक्षा एक में प्रवेश के लिए दुर्बल आय वर्ग वाले परिवारों के बच्चों का प्रवेश निजी विद्यालयों में कराने का अवसर प्रदान किया जाता है। पहले चरण में कुल 365 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 341 आवेदन सही पाए गए, जबकि 24 आवेदन निरस्त हो गए।
इसके बाद 24 दिसंबर को लाॅटरी निकाली गई। इसमें 195 बच्चों को 66 विद्यालय आवंटित किए गए। अब खाली सीटों के आधार पर दूसरे चरण में 19 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। बीएसए द्वारा आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं लॉक करने की अंतिम तिथि 20 से 23 जनवरी रहेगी।24 जनवरी को लॉटरी निकलेगी।
-
आरटीई के तहत दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज
- आय प्रमाण पत्र (एक लाख या उससे कम आय का)
- जाति प्रमाणपत्र
- अभिभावक का निवास प्रमाणपत्र
- नगर निगम की ओर से जारी जन्म प्रमाणपत्र
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
आधिकारिक वेबसाइट rte25.upsdc.gov.in पर जाएं। होम पेज पर ऑनलाइन एप्लीकेशन/स्टूडेंट लॉगिन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद न्यू स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करें और मांगी गई जानकारी भरकर पंजीकरण करें। फिर बाकी जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करना है। जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। सभी जानकारी भरने के बाद, फॉर्म को अच्छे से चेक करें और रजिस्ट्रेशन बटन पर क्लिक करें। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लॉगिन करें और आवेदन फॉर्म भरें। सभी चरणों को पूरा करें और फॉर्म सबमिट करें। भविष्य के लिए कन्फर्मेशन पेज को सेव कर लें।
-
आरटीई के तहत दूसरे चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 जनवरी तक किए जा सकते हैं। दुर्बल आय वर्ग के अभिभावक अपने बच्चों का निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। लॉटरी के माध्यम से चयनित होने पर उनके बच्चों को प्रवेश दिलवाया जाएगा। जिससे उन्हें अच्छी शिक्षा मिल सके। - दिव्या गुप्ता, बीएसए