शाहजहांपुर। प्रदेश सरकार ने गरीबों को मिलने वाले मुफ्त राशन में बदलाव कर दिया है। अब अंत्योदय, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग के निर्माण वर्कर और नगर निकायों के पंजीकृत कार्ड धारकों को प्रथम चरण में मुफ्त राशन नहीं मिलेगा। उन्हें अब पात्रता गृहस्थी राशन कार्ड धारकों की तरह रकम देकर राशन लेना होगा। हालांकि दूसरे चरण में सभी तरह के राशन कार्ड धारकों को मुफ्त में प्रति यूनिट पांच किलो चावल और प्रति कार्ड एक किलो चना मिलता रहेगा। राज्य सरकार ने दोनों चरणों की तारीखाें में भी बदलाव किया है। पहले प्रथम चरण एक से 15 तारीख तक चलता था। जबकि दूसरा चरण महीने का आखिरी सप्ताह होता था।
जिले में कुल राशनकार्ड धारक 5,75,126 हैं। इनमें अंत्योदय कार्डधारक 29,619, मनरेगा जॉब कार्डधारक 93,874, श्रम विभाग के निर्माण वर्कर 9831 और नगर निकायों में पंजीकृत कार्डधारक 7142 हैं। इन सबको मिलकर कुल 1,40,466 राशन कार्ड धारक हैं। जिन्हें गरीब कल्याण योजना के तहत कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते तीन महीने तक प्रति यूनिट 35 किलो राशन नि:शुल्क दिया गया था। जबकि पात्रता गृहस्थी कार्डधारकों को राशन खरीदना पड़ता था। मगर अब सभी तरह के कार्डधारकों को पहले चरण में कोटे की दुकान से राशन खरीदना पड़ेगा। यानी पहले चरण में अंत्योदय राशन कार्ड, मनरेगा जॉब, श्रम विभाग के निर्माण वर्कर और नगर निकायों में पंजीकृत कार्ड धारकों सभी को भी निर्धारित दाम दो रुपये किलो के हिसाब से गेहूं और तीन रुपये किलो चावल का भुगतान करना होगा। हालांकि दूसरे चरण में राशन फ्री में मिलेगा। इनको पहले दोनों चरणों में राशन मुफ्त में मिलता था। जबकि पात्रता गृहस्थी कार्डधारकाें को केवल दूसरे चरण में मुफ्त राशन मिलता था। जो उन्हें अब भी मिलता रहेगा।
पांच से 14 और 21 से 30 तारीख में होगा वितरण
- अभी तक प्रथम चरण में एक से 15 और दूसरे में 21 से 30 तारीख तक राशन का वितरण किया जाता था। अब शासन ने प्रथम चरण में राशन वितरण के लिए पांच से 14 और दूसरे चरण में 21 से 30 तारीख निर्धारित की है। दोनों चरणों में सभी तरह के राशनकार्ड धारकों को राशन वितरण किया जाएगा। प्रथम चरण में होने वाले राशन वितरण के लिए सरकार की ओर से निर्धारित दो रुपये प्रति किलोग्राम गेहूं और तीन रुपये प्रति किलोग्राम चावल दिया जाएगा। जबकि दूसरे चरण में 21 से 30 तारीख तक प्रति यूनिट पांच किलो चावल और एक किलो चने का वितरण नि:शुल्क किया जाएगा। यह प्रक्रिया जुलाई से लेकर नवंबर तक चलेगी।
10554.3 मीट्रिक टन राशन का हुआ नि:शुल्क वितरण
- जिला पूर्ति कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल में 1,40,466 राशनकार्ड धारकों को 3618.10 मीट्रिक टन खाद्यान्न का नि:शुल्क वितरण किया गया। जबकि पात्रता गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित शुल्क लेकर 7299.96 मीट्रिक टन खाद्यान्न वितरण हुआ। इसी तरह से मई और जून महीने में खाद्यान्न का वितरण हुआ। तीन महीने में जहां 10554.3 मीट्रिक टन राशन का नि:शुल्क वितरण हुआ, वहीं 21899.88 मीट्रिक टन राशन निशुल्क बांटा गया।
------------------
राज्य सरकार की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद के लिए अंत्योदय राशनकार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग व नगर निकाय में पंजीकृत कार्डधारकों को प्रथम चरण में कोटे की दुकानों से मुफ्त राशन वितरित किया जा रहा था। इसको अब बंद कर दिया गया है, जबकि दूसरे चरण में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत प्रति यूनिट पांच किलो चावल और एक किलो चना मुफ्त में मिलता रहेगा। इस तरह सभी को समान रूप से राशन वितरण किया जाएगा।
- पूरन सिंह चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी शाहजहांपुर।