मेडिकल कॉलेज में धरना देते पैरामेडिकल छात्र। स्रोत: वीडियो ग्रेब
शाहजहांपुर। रात में ड्यूटी के दौरान वार्ड बॉय पर साथी के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल के छात्रों ने शनिवार को धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने छात्र के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार, धमकी एवं समझौते का दबाव बनाए जाने के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शनिवार की सुबह धरने पर बैठे पैरामेडिकल के छात्रों को समझाने मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी आए। इस पर छात्र प्राचार्य के आने की मांग करने लगे। इसके बाद छात्रों ने प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार को दिए पत्र में बताया कि अमित यादव प्रथम वर्ष का डिप्लोमा छात्र है। 29 मई की रात दस बजे ट्रॉमा सेंटर की माइनर ओटी में ड्यूटी पर था। इस दौरान वार्ड बॉय, डॉक्टर तथा एक अन्य व्यक्ति नशे की हालत में माइनर ओटी में आए। वार्ड बॉय के घुटने में चोट लगी थी, जिसकी ड्रेसिंग कर रहा था। ड्रेसिंग के दौरान ओटी टेक्नीशियन से अतिरिक्त टेप लगाने को लेकर सामान्य बातचीत हुई। आरोप है कि वार्ड बॉय व डाॅक्टर ने छात्र को गालियां दीं। विरोध करने पर मारपीट कर दी। तब उसने अपने परिजनों को जानकारी दी। आरोप है कि इसी दौरान दोबारा आए वार्ड बॉय ने ट्रॉमा सेंटर से बाहर खींचकर अमित से मारपीट की। कुछ समय बाद छात्र के बड़े भाई व दोस्त आए तो कुछ एंबुलेंस चालकों ने घेरकर धक्का-मुक्की की। अस्पताल चौकी पुलिस बड़े भाई व उनके दोस्त को चौकी ले गई। आरोप है कि पुलिस ने दूसरे पक्ष का साथ दिया। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच टीम बना दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।