शाहजहांपुर। भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं को विद्युत निगम ने एक बार फिर झटका दिया है। शुक्रवार की शाम को 2705 उपभोक्ताओं के पास बिजली लोड बढ़ने का मेसेज पहुंचा। मेसेज आने के बाद लोगों ने एसई और एक्सईएन कार्यालय में पहुंचकर आपत्ति दर्ज कराई। उपभोक्ताओं के अनुसार, लोड बढ़ने से बिजली का खर्च बढ़ जाएगा।
जिले में 88 हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ता तो 04 लाख 72 हजार उपभोक्ता पूरे जिले में हैं। इनमें से 2705 उपभोक्ताओं का बिजली लोड बढ़ा है। भीषण गर्मी में बिजली के लोकल फॉल्ट से जूझ रहे उपभोक्ताओं की बेचैनी शुक्रवार की शाम उस समय बढ़ गई, जब लोगों के पास लोड बढ़ने का मेसेज आया। एक किलोवॉट वालों का दो और दो वालों का तीन किलोवॉट लोड कर दिया गया है।
उपभोक्ताओं के अनुसार, लोड बढ़ने से प्रति यूनिट बिजली महंगी हो जाएगी। उपभोक्ताओं को प्रति किलोवॉट तीन सौ रुपये सिक्योरिटी चार्ज भी देना पड़ेगा। एक किलोवॉट पर सौ यूनिट से कम खर्च होने पर 250 से 300 रुपये का बिल बनता था, लेकिन दो किलोवॉट होने पर आठ सौ रुपये तक बिल चुकाना पड़ेगा।
तीन महीने के मास्टर डाटा को छांटकर बढ़ाया लोड
भीषण गर्मी में तीन महीने में उपभोक्ताओं के खर्च की गई बिजली का अध्ययन किया गया। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लोड का अध्ययन करने के बाद लोड बढ़ाया गया। अफसराें का कहना है कि पहले उपभोक्ता खुद लोड बढ़ाने के चक्कर लगाते थे, लेकिन अब कंपनी ने समीक्षा के बाद बढ़ा दिया। स्वीकृत लोड से ज्यादा डिमांड आने पर उपभोक्ता पर जुर्माना भी लगकर आता था। अब जुर्माना कम हो जाएगा।
यह था नियम, अब यह अपनाएं विकल्प
एसई अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि पूर्व में उपभोक्ता के आवेदन करने पर बिजली का लोड बढ़ाया जाता था। अब पहली बार लखनऊ से समीक्षा कर लोड बढ़ाया गया है। लोड बढ़ने पर प्रार्थनापत्र एसई या एक्सईएन कार्यालय में देना होगा। अधिकारी पुराने बिल से मिलान कर उसका अध्ययन करेंगे, साथ ही जांच भी कराएंगे। एसई अनुज प्रताप सिंह के अनुसार, किसी की कम खपत पर लोड बढ़ा है तो उसे सूचीबद्ध कर कंपनी को भेजकर लोड कम कराया जाएगा।
विद्युत निगम ने परेशान कर दिया। जिनके घर में दो पंखे चल रहे हैं, उनका भी एक किलोवॉट से दो किलोवाॅट लोड कर दिया गया है।
-फैसल रियाज, मोहल्ला मामूड़ी
हमारा बिजली का लोड दो से तीन किलोवाॅट कर दिया गया। इससे यूनिट महंगा होने के साथ ही सरचार्ज भी बढ़ जाएगा। निगम के अफसरों को उपभोक्ताओं को विश्वास में लेकर कार्य करना चाहिए था।
- मुकेश परिहार, आनंदपुरम कॉलोनी
शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेसिंग में प्रबंधन ने लोड बढ़ाए जाने के बारे में जानकारी दी है। उपभोक्ता के लोड पर पूरा मंथन करने के बाद बढ़ोतरी की गई है। किसी को लग रहा कि गलत लोड बढ़ गया तो आवेदन दे। उसकी जांच कराएंगे।
-अनुज प्रताप सिंह, एसई
मुकेश सिंह परिहार।
मुकेश सिंह परिहार।