सुशीला का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीरानपुर कटरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात कार से एंबुलेंस टकरा गई। हादसे में मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव गेंदरपुर निवासी गर्भवती सुशीला (35) और उनके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। उनकी जेठानी भगवानश्री को भी चोट आई हैं।
खेतीबाड़ी करने वाले नेमवीर सिंह की गर्भवती पत्नी सुशीला देवी को बृहस्पतिवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन शहर के एक निजी अस्पताल लेकर आए थे। अस्पताल में खून चढ़ाने के बाद डॉक्टर ने ऑपरेशन बताते हुए बरेली के लिए रेफर कर दिया। एंबुलेंस में सुशीला, देवर उमेश व राकेश और जेठानी भगवानश्री सवार थे।
रात करीब दस बजे लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम रमापुर दक्षिणी के पास सामने से आई कार कट की तरफ अचानक मुड़ने लगी। इस बीच तेज गति से आई एंबुलेंस कार से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस सवार सुशीला देवी और उनके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। उनकी जेठानी भगवानश्री के अलावा देवर उमेश और राकेश को भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार और एंबुलेंस को कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खुशी की जगह परिवार में मातम
सुशीला देवी के तीन बच्चे सामान्य प्रसव से हुए। उनके घर में चौथे मेहमान के आगमन को लेकर काफी खुशी थी। निजी अस्पताल में भर्ती कराने पर सुशीला की स्थिति गंभीर बताकर रेफर कर दिया। उनके पति नेमवीर परिवार के अन्य सदस्यों को बैठाकर खुद किसी अन्य वाहन में सवार हो गए थे। सुशीला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
सुशीला का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
सुशीला का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
सुशीला का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन