कलक्ट्रेट राहत सामग्री वितरण में धांधली की डीएम से शिकायत करने पहुंचे कांशीराम कॉलोनी के लोग।
शाहजहांपुर। बाढ़ राहत सामग्री बांटने को लेकर लगातार धांधली की शिकायतें आ रही हैं। सोमवार को कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने डीएम उमेश प्रताप सिंह के नाम शिकायती पत्र दिया। इसमें राजस्व कर्मियों पर राशन सामग्री वितरण करने में धांधली करने का आरोप लगाया।
डीएम को दिए पत्र में बताया गया कि क्षेत्र के राजस्वकर्मी दो सहायकों के साथ सर्वे करके राशन बांटने के लिए कह रहे हैं। दूसरी ओर लोग पता नहीं कहां से टोकन ले आते हैं और राशन प्राप्त कर रहे हैं। राशन काफी घट जाने के कारण एक पैकेट को दो भागों में कर बांट रहे हैं। बाहरी लोग राशन लेकर चले जाते हैं।
आरोप है कि राशन की खुलेआम बिक्री चल रही है। पीड़ितों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में प्रेमवती, अमित मिश्रा, अनम, उर्मिला, उषा, अमरीन, रेहाना, किरनवाला, रामरतन आदि शामिल रहे।