फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अग्रणी बैंक बॉब के सारे एटीएम फिसड्डी

Sat, 19 Nov 2016 11:25 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
विज्ञापन
बाब का बंद पड़ा एटीएम।
विज्ञापन
केंद्र सरकार के पांच सौ और एक हजार रुपये के पुराने नोट बंद किए जाने और मांग की तुलना में पर्याप्त नए नोट नहीं मिलने से उपजी करेंसी की किल्लत के दौर में अग्रणी बैंक बॉब के सारे एटीएम फिसड्डी साबित हो रहे हैं। गनीमत यह है कि निजी क्षेत्र की बैंकों के एटीएम जन सामान्य को राहत दे रहे हैं। पांच सौ का नया नोट अभी तक जिले की बैंक ों को प्राप्त नहीं होने से भुगतान और पुराने नोट बदलने की प्रक्रिया धीमी पड़ रही है। 
विज्ञापन

बता दें कि जिले में विभिन्न बैंकों के 351 एटीएम स्थापित हैं। इनमें लीड बैंक में शुमार बैंक ऑफ बड़ौदा के 73 एटीएम भी शामिल हैं। नोट बंदी से पहले अन्य बैंकों की तरह बॉब के अधिकांश एटीएम सामान्य तौर पर चलते रहे, लेकिन करेंसी का संकट पैदा होने के साथ बॉब के एटीएम भी धोखा देने लगे। दो दिन पहले बॉब के गोविंदगंज और लोधीपुर मेें एनटीआई के पास स्थित एटीएम करेंसी फिलिंग करके जैसे-तैसे चालू किए गए, लेकिन नोट खत्म होने के साथ एटीएम भी ठप पड़ गए। 
लीड बैंक प्रबंधक बीएम गुप्ता ने भी स्वीकार किया कि शनिवार को बॉब के किसी भी एटीएम से कैश नहीं निकल सका। इसके विपरीत एसबीआई, केनरा बैंक, यूनियन बैंक सहित निजी क्षेत्र की आईसीआईसीआई, एक्सिस, एचडीएफसी बैंक के एटीएम लोगाेें को दो हजार रुपये की सीमित नगदी के तौर पर राहत देते रहे। गनीमत यह है कि कई एटीएम से दो हजार का नोट निकलने लगा है, जिससे उनकी कैश उगलने की क्षमता भी बढ़ गई है।
विज्ञापन

पांच सौ के नए नोट की खेप जिले में अभी तक नहीं आने और दो हजार रुपये के नए नोट मांग की तुलना में केवल 20 फीसदी मिलने के कारण बैंक शाखाओं से अपेक्षित भुगतान भी नहीं मिल रहा है। शनिवार को केवल नौ करोड़ रुपये पेमेंट किया गया। आरबीआई के निर्देश पर केवल वरिष्ठ नागरिकों के 10 लाख रुपये के पुराने नोट बदले गए जबकि कतार में लगे अन्य लोगों को किसी अन्य कार्य दिवस में आने की सलाह देकर लौटा दिया गया। 
कृष्णा राज ने देखी बैंकों की व्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय बाल विकास राज्यमंत्री एवं जिले की सांसद कृष्णाराज शनिवार को एसपी ऑफिस के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा और विकास भवन परिसर स्थित बड़ौदा उप्र क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा पहुंचीं। उन्होंने लाइन में लगे लोगों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए करेंसी के संकट की घड़ी में धैर्य बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया। 
इस मौके पर बड़ौदा ग्रामीण बैंक ऑफीसर्स एसोसिएशन का शिष्टमंडल क्षेत्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में राज्यमंत्री से मिला और उन्हें ज्ञापन देकर बताया कि बॉब की पुवायां करेंसी चेस्ट से प्रतिदिन 10 करोड़ रुपये की मांग की जा रही है, लेकिन एक सप्ताह में केवल 1.75 करोड़ रुपये कैश भेजा गया है। ग्राहकों को अगले कार्य दिवस में रोकड़ दिलाने का भरोसा देकर शांत किया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ शाखाओं में कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया क्योंकि लोगों का धैर्य डिगने लगा है। बैंक स्टाफ ने पर्याप्त कैश उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। ज्ञापन देने वालों में डॉ. हरिओम त्रिपाठी, पूजा गुप्ता, मोनिका, निखिल अग्रवाल, विजय कुमार, कुश त्रिपाठी, हरीश बिष्ट, सुरेश आर्य, प्रेम चंद्र आदि शामिल रहे। 
संगठनों ने लाइन में लगे लोगों को कराया जलपान
नि:स्वार्थ सेवा समिति के अध्यक्ष सोनू मौर्य और गौरक्षक दल के संरक्षक देवेश ठाकुर ने अपनी टीम के साथ एटीएम और बैंक की लाइन में लगे लोगों को नाश्ता कराया। पदाधिकारियों ने करेंसी की कमी से होने वाली असुविधा में धैर्य बनाए रखने का अनुरोध करते हुए कहा की देश हित में उठाए गए इस कठोर कदम से काले धन और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी। नाश्ता वितरण में अक्षय, रानू, शिवा, बंटी, सौरभ, गोपाल, महिपाल, गौरव आदि का सहयोग रहा। 
आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों ने बांटा दूध
शाहजहांपुर। श्री श्री रविशंकर की संस्था आर्ट आफ लिविंग के वालियंटर्स ने शनिवार को स्टेट बैंक आफ इंडिया में सीनियर सिटीजन एवं अन्य नागरिकों को दूध और फल बांटे गए। कुछ लोगों ने स्वयंसेवकों से कहा कि यह कार्य क्यों कर रहे हो तो उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ब्लैक मनी का सफाया करने के लिए बहुत ही सराहनीय कदम उठाया है। हम यह सेवा के द्वारा जनता को यही संदेश दे रहे हैं कि जनता भी थोड़ी सी असुविधा का सामना करके इसमें सहयोग करे। इस कार्य में आर्ट ऑफ लिविंग टीचर केयुरी लेखड़िया, शुभांगी गुप्ता, नरेश अग्रवाल, राजीव शुक्ला आदि का सहयोग रहा।
एसबीआई मेन ब्रांच में शादी वालों के लिए अलग काउंटर
एसबीआई के टाउन हाल स्थित मेन ब्रांच परिसर में शनिवार से बेटी की शादी के लिए एकमुश्त ढाई लाख रुपये तक की निकासी का आवेदन करने वाले ग्राहकों के लिए अलग काउंटर बना दिया गया। यहां के प्रबंधक संतोष कुमार झा ने इस काम के लिए अधिकारियों की अलग टीम गठित कर दी है जो आवेदक के दस्तावेजों के प्रमाणीकरण और अन्य काम को पूरा करवाकर भुगतान में मदद कर सकें। शनिवार शाम तक छह आवेदन स्वीकृत कर लिए गए और उनका भुगतान सोमवार को होगा। परिसर में शनिवार को कुल करीब साढ़े चार सौ वरिष्ठ नागरिकों के 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट भी विशेष काउंटर से बदले गए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें