शाहजहांपुर। जिले की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी गई है। योजना लागू होने के बाद सीएचसी में कागजी प्रक्रिया लगभग समाप्त हो जाएगी और पंजीकरण से लेकर जांच रिपोर्ट तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित होगी। पहले चरण में ऑनलाइन पर्चे बनना शुरू हो गए हैं।
जिले में 15 सीएचसी को मिशन से जोड़ने के लिए कंप्यूटर लगा दिए गए हैं। जिले में सीएचसी में आभा आईडी आधारित ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था शुरू हो चुकी है। मरीज की आभा आईडी से पंजीकरण होने पर उसका विवरण संबंधित चिकित्सक तक ऑनलाइन पहुंच जाएगा। चिकित्सक के परामर्श के बाद मरीज को दवा वितरण काउंटर या जांच के लिए लैब में डिजिटल माध्यम से भेजा जाएगा।
डिप्टी सीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. आसिफ अली ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत प्रयोगशालाओं को लैब इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एलआईएस) से जोड़ा जाएगा, जिससे जांच रिपोर्ट भी ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को रिपोर्ट प्राप्त करने और स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने में सुविधा मिलेगी। बताया कि आयुष्मान डिजिटल मिशन के तहत सभी सीएचसी को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। चरणबद्ध तरीके से पंजीकरण, परामर्श, जांच और रिपोर्टिंग की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।