शाहजहांपुर। पैगम्बर-ए-इस्लाम पर टिप्पणी के विरोध में जुमे की नमाज के बाद प्रदेश के कई जिलों में हुए बवाल के बाद जिले की पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर विशेष निगाह रखी जा रही है। पुलिस ने आपात स्थिति को देखते हुए नंबर भी जारी किए हैं।
प्रदेश सरकार ने जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट जारी किया था। एसपी एस आनंद ने नमाज को देखते हुए मस्जिदों के बाहर पुलिस की ड्यूटी लगाई थी। जिले में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। जबकि अन्य जिलों में काफी ज्यादा बवाल हुआ, जिसके बाद पुलिस एक बार फिर से अलर्ट हो गई।
एसपी ने थाना प्रभारियों को गश्त करने के लिए निर्देशित किया है। एसपी ने अपील की है कि आपसी भाईचारा व सौहार्द के माहौल को बनाए रखें। अपने आसपास असामाजिक, शरारती तत्वों व उनके क्रियाकलापों पर नजर रखते हुए उनकी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर धार्मिक, राजनीतिक, विद्वेष व तनाव को फैलाने वाले संदेश को शेयर या फारवर्ड नहीं करें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुलिस की निगाह है। किसी भी तरह की शिकायत के लिए 05842-223133 व 9454417443 या यूपी 112 पर कॉल करें। सूचना देने वाले का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा।