कृषि विज्ञान केंद्र शाहजहांपुर पर कृषि शिक्षा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते केंद्र क
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में शुक्रवार को गोष्ठी करके कृषि शिक्षा दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कृषि शिक्षा से खाद्यान्न उत्पादन में गुणात्मक वृद्धि का उल्लेख करने के साथ उससे जुड़ीं रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला और छात्र-छात्राओं को कृषि शिक्षा ग्रहण करने का अनुरोध किया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने कहा कि कृषि शिक्षा हमारे जीवन से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण अध्याय है, क्योंकि इससे हम वैज्ञानिक तरीके से खेती करना सीख सकते हैं और खेती को व्यावसायिक तरीके से करके अपने आय में बढ़ोतरी कर सकते हैं। केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. एनसी त्रिपाठी ने कहा कि आज के समय में कृषि शिक्षा का महत्व और भी बढ़ जाता है। क्योंकि बहुत से उद्योग-धंधे कृषि से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे और तकनीकी रूप से जानकार लोगों को ही रोजगार के अवसर मिलते हैं, इसलिए आप लोग अच्छी संस्था से पढ़ाई करें।
कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. एनपी गुप्ता ने कहा शिक्षा का महत्व कृषि क्षेत्र में बढ़ रहा है, क्योंकि बहुत सारे अन्य विषयों के विद्यार्थी भी इसमें आ रहे हैं। डॉ. एसके वर्मा ने छात्रों को बताया कि अच्छी संस्था में प्रवेश लेने के लिए कैसे तैयारी करें। संचालन करते हुए डॉ. सीपी गुप्ता ने छात्रों को कृषि शिक्षा से भविष्य में रोजगार प्राप्त करने के तरीके बताए। कार्यक्रम में फूल सिंह शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ एवं इंटीग्रल यूनिवर्सिटी लखनऊ के रूरल एग्रीकल्चर वर्क्स एक्सपीरियंस के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।