तिलहर। रोडवेज बस स्टेशन के पास बृहस्पतिवार को मिली दो माह से लापता महिला के पुलिस ने शनिवार को बयान दर्ज कराने के बाद उसे न्यायालय के अगले आदेश तक के लिए वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
नगर के एक मोहल्ले की विवाहिता करीब दो माह पूर्व घर से यह कहकर निकली थी कि वह ससुराल जा रही है, लेकिन शाम तक न तो वह ससुराल पहुंची और न ही मायके लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका जब कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
बृहस्पतिवार की रात दारोगा नितिन कुमार ने गश्त के दौरान रोडवेज बस अड्डे के पास महिला को देखकर रोका और पूछताछ की। पहचान होने पर पुलिस उसे थाने ले आई और शुक्रवार को उसका मेडिकल कराया। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कराए गए हैं और उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया बाद में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर न्यायालय के आदेश पर महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। संवाद