रोजा (शाहजहांपुर)। जंक्शन के पास पॉवर केबिन के सामने क्रॉसिंग पर गरीब रथ एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। रेलवे ने क्रॉसिंग को बंद कराते हुए सभी के लिए आवाजाही पर रोक लगा दी। अब रेलवे कर्मियों को पुराने ओवरब्रिज से होते हुए रोजा अड्डा आना होगा।
रोजा में क्रॉसिंग को पार करने के बाद रेलवे क्वार्टरों की ओर लोग निकलते थे। रेलवे पटरियों के बीच इंटरलॉकिंग डालकर दो पहिया वाहनों के निकलने की व्यवस्था थी। यह शाॅर्टकट रास्ता था वरना लोगों को एक किमी घूमकर रोजा अड्डे से पुल होते हुए आना पड़ता था। रेलवे कर्मियाें के साथ ही आम लोग भी इसी शाॅर्टकट को अपनाते थे। कुछ महीने पहले आम रास्ता नहीं हाेने का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान बोर्ड हटा दिया गया।
बुधवार की शाम को बाइक सवार पांच लोगों की ट्रेन से हादसे में मौत के बाद रेलवे प्रशासन जागा। आधी रात के बाद डीआरएम संग्रह मौर्य मुरादाबाद के अन्य अफसरों के साथ आए। उनके पहुंचने से पहले ही अधिकारियों ने एंगल लगाकर रास्ते को बंद करा दिया। डीआरएम के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार सुबह से ही फाटक पर काम शुरू कराया गया।
रेलवे कर्मियों ने रास्ते को पूरी तरह से बंद करा दिया। इसके साथ ही इंटरलॉकिंग ईंटों को उखाड़कर पटरी को खोद दिया, जिससे लोग नहीं निकल सकें। पटरी पर पत्थर डाले जाएंगे। रास्ता बंद होने से रेल यात्रियों को रोजा ओवरब्रिज से होते हुए रोजा अड्डे पर पहुंचना होगा।
बाइक निकालने की जद्दोजहद करते रहे कर्मचारी
बृहस्पतिवार को कर्मचारियों ने पटरी पर पड़ी इंटरलॉकिंग खोद दी। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर खड़ी बाइकों को निकालने के लिए कर्मचारी जद्दोजहद करते रहे। सामान्य तौर पर कर्मचारी अपने ड्यूटी प्वाइंट या आफिस तक बाइक से पहुंच जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं कर सकेंगे।
रेलवे लाइन पर पड़ा मिला चाबी का छल्ला
हादसे के दूसरे दिन रेलवे लाइन पर हरिओम की बाइक का छल्ला, जूते, दस्ताने आदि पड़े मिले। हालांकि, मृतकों का अधिकतर सामान जीआरपी ने हादसे के बाद परिजनों के हवाले कर दिया था।
हादसे के बाद लगाया चेतावनी बोर्ड
डीआरएम के आगमन के बाद सुबह क्रॉसिंग पर चेतावनी बोर्ड लगा दिया गया। इसपर लिखा है कि यह आम रास्ता नहीं है। हालांकि, यहां पर आरपीएफ के जवान तैनात नहीं किए गए हैं।
डीआरएम पहुंचे, जीएम के आने की संभावना
गरीब रथ एक्सप्रेस से हुए हादसे के बाद डीआरएम संग्रह मौर्या रात में पहुंचे। उनके साथ एडीआरएम, सीनियर डीओएम, सीनियर डीएसओ व आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट रहे। रात करीब डेढ़ बजे रोजा स्टेशन पहुंचे डीआरएम ने आरपीएफ और आईओडब्ल्यू के साथ एकांत में बैठक कर दिशा-निर्देश दिए। करीब ढाई बजे वह मुरादाबाद से अपने स्पेशल सैलून से लौट गए।
ज्वाइंट रिपोर्ट बनाई, कार्रवाई की संभावना
शाहजहांपुर। आधी रात के बाद आए डीआरएम संग्रह मौर्य समेत मंडलीय अफसरों ने जिलेस्तर के अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बैठक की। इस बीच अफसरों से हादसे के बारे में जानकारी ली। बताते है कि संबंधित अधिकारियों ने ज्वाइंट रिपोर्ट बनाई है। रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई होगी। इस मामले में कुछ लोगों पर कार्रवाई हो सकती है। इतने बड़े हादसे के बाद भी अधिकारियों ने मामले में चुप्पी साध रखी है। संवाद
रोजा में अवैध क्रॉसिंग पर खोदाई करते कर्मचारी व बाइक निकालते लोग। संवाद