शाहजहांपुर। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार बुधवार को प्राप्त आवेदन (रजिस्ट्रेशन फार्म) के आधार पर महाविद्यालयों में मेरिट सूची चस्पा कर दी गई, जिसके आधार पर बृहस्पतिवार से प्रवेश शुरू कर दिए जाएंगे।
शैक्षिक सत्र 2020-21 के लिए कोविड-19 के चलते इस बार प्रवेश प्रक्रिया विलंब से शुरू हो सकी। राजकीय महाविद्यालयों के अलावा एसएस कॉलेज, जीएफ कॉलेज और आर्य महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय ही सरकार से सहायता प्राप्त हैं, शेष सभी महाविद्यालय वित्तविहीन हैं। इसमें एसएस कॉलेज और जीएफ कॉलेज में स्वीकृत सीटों के सापेक्ष काफी बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन फार्म जमा किए हैं। जबकि आर्य महिला महाविद्यालय की स्थिति अच्छी नहीं है। यही हाल अन्य महाविद्यालयों का भी है। इसके पीछे भी कोरोना को ही कारण माना जा रहा है। वैसे बता दें कि जब से विश्वविद्यालय ने स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की है, तब से जिले के सभी महाविद्यालयों में कभी भी सीटें पूरी नहीं भर सकीं। हालत तो यह होती रही है कि कहीं 50 प्रतिशत तो कहीं इससे भी कम सीटें रिक्त रह जाती थीं। इस बार उम्मीद जताई जा रही थी कि कोरोना काल में कोचिंग, इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेज बंद होने से छात्र बाहर नहीं जा सके, इसलिए शायद इस बार सीटें फुल हो जाएं, लेकिन छात्र घर से ही नहीं निकल सके।
एसएस कॉलेज प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र ने बताया कि बीए में 560 सीटों के सापेक्ष 790, बीएससी पीसीएम ग्रुप में 320 सीटों के सापेक्ष 494, बॉयो में 160 सीटों के सापेक्ष 405, बीबीए में 60 के विपरीत 83 और बीसीए में 60 के सापेक्ष 80 फार्म जमा हुए। इसी तरह जीएफ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनयू खान ने उनके यहां बीएससी मैथ में 450 सीटों के सापेक्ष 600, बॉयो में 450 के सापेक्ष 600 में फॉर्म प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि बीकॉम और बीए में भी सीटें रिक्त नहीं रहेंगी। इधर, आर्य महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कनकरानी ने बताया उनके यहां पर्याप्त फॉर्म नहीं आए हैं, इसलिए सीटें रिक्त रहेंगी।