शाहजहांपुर में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने सोमवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वह उन बच्चों को अपनी कार में बैठाकर स्कूल पहुंचे, जिनका दाखिला नहीं हुआ था।
शाहजहांपुर में स्कूल का निरीक्षण करने गए एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने ग्रामीणों को बच्चों का दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छह बच्चों को अपने सरकारी वाहन में बैठाया और स्कूल लाकर दाखिला कराया। उन्होंने बच्चों से कहा कि खूब मन लगाकर पढ़ें और माता-पिता का नाम रोशन करें।
विज्ञापन
एडीएम एफआर अरविंद कुमार ने ददरौल ब्लॉक के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, धनौरा को गोद लिया हुआ है। सोमवार को वह निरीक्षण करने स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान वह गांव पहुंचे और भ्रमण कर ऐसे बच्चों के बारे में जानकारी ली, जिनका स्कूल में दाखिला नहीं हुआ था।
अभिभावकों को किया प्रेरित
एडीएम ने बच्चों के परिजनों से कहा कि शासन की मंशा है कि सभी बच्चे स्कूल में पढ़ें। शासन द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजना सर्व शिक्षा अभियान के स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी बच्चों को ड्रेस, किताबें, बैग, स्टेशनरी आदि के लिए रुपये सीधे उनके खाते में भेजे जाते हैं। इसके अलावा स्कूलों में मिड-डे-मील, स्वास्थ्य परीक्षण, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब समेत तमाम सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि पढ़ाई-लिखाई न करने पर बच्चे गलत राह में जा सकते हैं। ऐसे में उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए स्कूल में दाखिला कराना बेहद जरूरी है।
इसके बाद एडीएम अपने सरकारी वाहन में करन, जितिन सिंह, अनन्या, साक्षी वर्मा, श्रवण वर्मा और सुरजीत को बैठाकर स्कूल ले गए। स्कूल में सभी बच्चों का दाखिला कराया। एडीएम ने स्कूल के प्रधानाचार्य, प्रधान, कोटेदार को बच्चों के माता-पिता को रोजाना स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।