खुटार। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार रात सिंधौली से खुटार तक वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया गया। इस दौरान ओवरलोड चार ट्रक सीज किए गए।
उत्तराखंड के लालकुआं, हल्द्वानी, किच्छा आदि से तमाम ट्रक चालक क्षमता से अधिक वजन की गिट्टी, मौरंग, रेता, पत्थर आदि लेकर लखीमपुर, पलिया, गोला, मैलानी आदि के लिए निकलते हैं। अधिकारियों को ओवरलोड वाहन निकलने की शिकायत मिल रही थी। एडीएम, एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण, पुवायां के सीओ प्रवीण मलिक एआरटीओ और जिला खनन अधिकारी की टीम ने शुक्रवार रात में सिंधौली से लेकर खुटार तक वाहनों की चेकिंग शुरू की।
खुटार क्षेत्र में बजरी लदे चार ट्रक पकड़े गए। चारों ट्रक ओवरलोड थे। टीम ने ट्रकों को खुटार थाने में सीज करा दिया। कुछ वाहनों का ओवरलोड और माइनिंग की धाराओं के तहत चालान काटा गया। वाहन चेकिंग की जानकारी होते ही तमाम ट्रक पूरनपुर, गढ़वाखेड़ा, कजरी आदि में ही खड़े कर दिए गए। अधिकारियों के लौटने के बाद शनिवार को ट्रक खुटार से निकले।
ढाबे वाले लेते हैं रुपये, रखते हैं चेकिंग पर नजर
ओवरलोड चलने वाले वाहनों के चालकों की कुछ ढाबा संचालकों से सांठगांठ है। चेकिंग शुरू होते ही ढाबा संचालक संबंधित चालकों को सूचना देकर वाहन पीलीभीत के पूरनपुर और गढ़वाखेड़ा, कजरी में खड़े करा देते हैं। चेकिंग समाप्त होने के बाद ढाबा स्वामियों की सूचना पर ट्रक आगे निकलते हैं। इसके लिए ट्रक चालक ढाबा स्वामियों को हर महीने रुपये देते हैं।
अवैध मिट्टी खनन, ओवरलोडिंग की जांच जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। वाहनों को सीज कराया जाएगा और चालान भी कटवाए जाएंगे।
- अरविंद कुमार, एडीएम एफआर शाहजहांपुर
000
डग्गामार वाहनों और कई बाइकों का चालान
कांट। दो दिन पहले एक स्कूली वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने और कई छात्र-छात्राओं के घायल होने के मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने नगर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर वाहनों की चेकिंग का अभियान शुरू किया। इस दौरान कई वाहनों के चालान किए गए।
शनिवार को सुबह से पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर एक साथ वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने यात्री लाने-लेजाने वाले छह डग्गामार वाहनों समेत कई बाइकों का चालान किया। चालान की कार्रवाई से बचने के लिए कई वाहन चालक मुख्य मार्ग और थाने के सामने से निकलने से बचने के लिए गलियों और कूचों से अपने वाहन निकालते रहे।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि क्षमता से अधिक यात्री मिलने पर डग्गामार वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त, बिना हेलमेट और बिना कागजात वाले दोपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। संवाद