शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डा पर लगा जाम। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। नगर के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। इसके तहत अप्रैल में ई-रिक्शों समेत 100 से अधिक वाहन सीज किए गए हैं। इसके बाद भी जाम से निजात नहीं मिल पा रही है।
यातायात व्यवस्था को पटरी पर रखने के लिए चेकिंग अभियान में एक हजार से अधिक वाहनों का चालान किया जा चुका है। अधिकारियों की कार्रवाई से अवैध रूप से चलने वाले ई-रिक्शे कम हुए हैं, लेकिन जाम की समस्या खत्म नहीं हो रही। रोडवेज बस स्टैंड, अशफाक नगर तिराहा, आर्य महिला डिग्री कालेज तिराहा, बहादुरगंज बाजार, कच्चा कटरा मोड़, मंडी में जाम की समस्या बनी रहती है। पंखी चौराहे से घंटाघर तक एकल मार्ग व्यवस्था भी ई-रिक्शों की वजह से लड़खड़ा गई है। लिंक मार्गों से ई-रिक्शों के आने से आए दिन बाजार में जाम की समस्या रहती है। टीएसआई विनय पांडेय ने बताया कि जहां जाम लग रहा है। वहां कर्मियों को लगाकर व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा।