शाहजहांपुर। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह के साथ एसपी कार्यालय पहुंची तिलहर के एक गांव की महिला ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि महिला को थाने भेजा गया था। प्रभारी निरीक्षक की गैरमौजूदगी में दरोगा ने महिला का मोबाइल छीनकर उसके पति को हवालात में बंद कर दिया। उन्होंने महिला के पति को रिहा करने की मांग की।
वहीं, महिला ने पत्र में बताया है कि वह तीन साल से एक व्यक्ति के मकान में किराये पर रह रही है। 20 सितंबर को वह घर पर अकेली थीं। इस दौरान मकान मालिक आया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर जमीन पर पटक दिया। शोर-शराबा करने पर एकत्र होती भीड़ को देखकर चैनल पर ताला लगाकर भाग गया।
आरोप है कि मकान मालिक बक्से में रखा उसका माल-जेवर भी ले गया। दूसरे दिन घर आए पति को पूरी बात बताई। इसके बाद पति के साथ थाने जाकर तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी ने महिला को मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद