चेक वितरण में धांधली, आय प्रमाणपत्र में गलत रिपोर्ट लगाने और जमीन की गलत विरासत दर्ज करने पर एसडीएम लालबहादुर ने खुटार के सिल्हुआ क्षेत्र के लेखपाल लक्ष्मीकांत बाजपेई को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार संजय कुमार की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
खुटार के समग्र गांव नवाजपुर और रौतापुर कलां के लोगों ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर बारिश और ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान की सहायता के चेक वितरण में धांधली किए जाने की शिकायत एसडीएम से की थी। गांव रौतापुर कलां के रामकिशोर ने आय प्रमाणपत्र में गलत रिपोर्ट लगाने की शिकायत मंडलायुक्त से की थी।
उधर, गांव रामपुर कलां के गजेश कुमार ने गलत तरीके से विरासत दर्ज करने का आरोप लगाया था। इन शिकायतों के मिलने पर एसडीएम ने मामले की जांच नायब तहसीलदार को दी थी। नायब तहसीलदार संजय कुमार ने गांव पहुंचकर जांच की तो पता लगा कि गांव रौतापुर कलां में गन्ने की जगह गेहूं की फसल दिखाकर गलत तरीके से मुआवजे के चेक देने, रामकिशोर को आय प्रमाण-पत्र में गांव का निवासी न दिखाने की झूठी रिपोर्ट लगाने और रामपुर कलां में गलत तरीके से विरासत दर्ज करने के आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शनिवार को एसडीएम ने लेखपाल लक्ष्मीकांत बाजपेई को निलंबित कर दिया।