तिलहर। हाईवे पर बक्शी तिराहे के पास बाइक से अपने घर जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक हेलमेट नहीं लगाए था। दुर्घटना के बाद वाहन चालक भाग गया। युवक के ससुर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी रामकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका दामाद गांव हाजीपुर निवासी 30 वर्षीय सुनील शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे शाहजहांपुर से बाइक से अपने घर हाजीपुर जा रहा था। तिलहर में बख्शी तिराहे के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसका दामाद सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर रामकुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ट्रैक्टर से दबकर किसान की मौत
निगोही। थाना क्षेत्र के चकौरा गांव के रहने वाले वासुदेव (45) गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे डालमिया चीनी मिल से गन्ना उतारकर ट्रैक्टर ट्राली से लौट रहे थे। इनायतपुर पुलिया के पास किसी वजह से ट्रैक्टर सड़क किनारे खंती में पलट गया। ट्रैैक्टर में दबकर वासुदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा। यहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संवाद
टेंपो की टक्कर से बाइक सवार घायल
बिलंदपुर/सिंधौली। टेंपो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। घायल को सिंधौली सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सिंधौली के गांव बरूआरा निवासी संतन सिंह अपनी बाइक से घर से शाहजहांपुर जा रहे थे। गांव ढकिया हमीदनगर के पास पीछे से आ रहा टेंपो उनकी बाइक से टकरा गया, जिससे संतनपाल घायल हो गए। सूचना पाकर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। संवाद