रोजा/ निगोही। नेशनल हाईवे पर रोजा क्षेत्र में जमुका दोराहे के पास ट्रक की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। वहीं थाना निगोही क्षेत्र में बाइक को टक्कर मारने के बाद मैजिक दीवार से टकरा गई। इस हादसे में मैजिक सवार हरदोई निवासी ग्रामीण की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
थाना रोजा क्षेत्र के गांव बहादुरापुर निवासी 48 वर्षीय मुन्नी देवी अपने बेटे 22 वर्षीय धीरज के साथ बाइक पर शाहजहांपुर पथरी की दवा लेने जा रहीं थीं। जमुका दोराहे पर उनकी बाइक में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार मुन्नी देवी रोड पर जा गिरीं। तभी उसी ट्रक पहिया मुन्नी देवी के ऊपर से उतर गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना में धीरज बाल-बाल बच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
उधर, निगोही-बीसलपुर रोड पर मंगलवार सुबह लगभग दस बजे यात्रियों से भरी मैजिक कोटूमल ईंट भट्ठे के पास पहुंची। तभी मैजिक अनियंत्रित होकर आगे चल रही बाइक में टक्कर मारने के बाद किनारे जाकर दीवार से भिड़ गई। इसमें मैजिक सवार हरदोई के थाना शाहाबाद क्षेत्र के गांव हसनापुर निवासी 54 वर्षीय रामनरेश की मौके पर ही मौत हो गई। उसके बहनोई चेतराम और बहन मायादेवी घायल हो गईं। घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। गंभीर रूप से घायल गांव महुराइन निवासी बाइक सवार 30 वर्षीय मोहित व मृतक रामनरेश की बहन और बहनोई को निगोही सीएचसी भेज दिया गया। जहां से बाइक सवार को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रामनरेश अपनी भांजी उर्मिला के ससुर अमीन रामप्रसाद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जठियुरा जा रहे थे। रामनरेश की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं घटना के बाद मैजिक चालक मौके से भाग गया।