निगोही में थाने के बाहर खड़े अनुसूचित समाज के लोग। संवाद
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के गांव परसौना खलीलपुर में शराब के नशे में एक युवक के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के बाद तनाव हो गया। अनुसूचित जाति के लोगों ने उसे पकड़कर पिटाई की और पुलिस को बुला लिया। उसे हिरासत में ले लिया गया। ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर घटना पर गुस्सा जताया। मामला दो पक्षों के बीच का होने के कारण गांव में पुलिस तैनात कर दी गई।
परसौना खलीलपुर में डॉ. आंबेडकर की यह प्रतिमा करीब 30 वर्ष पुरानी है। आरोपी शिवम सिंह चौहान पुवायां के गांव बांसखेड़ा बुजुर्ग का रहने वाला है। वह शुक्रवार को ही परसौना खलीलपुर गांव में अपने बहनोई राहुल सिंह के यहां आया था। गांव में दो एकड़ जमीन ठेके पर लेने के कारण शिवम का अक्सर इस गांव में आना-जाना रहता है।
रात आठ बजे हुई घटना
गांव के रामचंद्र ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे शिवम ने ईंट-पत्थर मारकर बाबा साहब की प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया। इसका पता चलने पर पहुंचे गांव के लोगों ने शिवम की पिटाई कर दी। इस बीच डॉयल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गांव के अनुसूचित जाति के काफी लोग रात करीब दस बजे थाने पहुंचे और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। आसपास गांवों के लोग भी थाने पर पहुंच गए। हालांकि घटना के दो घंटे के बाद भी पुलिस का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।