जैतीपुर। बहन के घर नामकरण की दावत खाकर लौट रहा युवक ट्रैक्टर ट्रॉली से गिर गया, पहिये के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
थाना क्षेत्र के गांव खिरिया रतनपुर निवासी रघु की बेटी के घर शुक्रवार को नामकरण संस्कार की दावत थी। उनका पूरा परिवार ट्रैक्ट्रर ट्रॉली से मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर में दावत खाने गया था। शनिवार को वहां से वापस लौटते समय खमरिया गांव में मोड़ पर अचानक झटका लगने पर रघु का 35 वर्षीय बेटा राजीव ट्रॉली से नीचे जा गिरा। जब तक ट्रॉली पर सवार परिजन व अन्य लोग चीखे चिल्लाए तब तक राजीव के ऊपर से ट्रॉली का पहिया उतर गया। पहिये के नीचे कुचलने से राजीव की मौके पर ही मौत हो गई।
आंखों के सामने पति की मौत होने पर उसका शव देख पत्नी विमला बेसुध हो गई। वही इकलौते बेटे की मौत से रघु पूरी तरह से टूट गया है। मृतक राजीव के चार बच्चे है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची गढ़िया रंगीन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि युवक की ट्रॉली से कुचलकर मौत होने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।