शाहजहांपुर। हाईवे पर सुरक्षित सफर के लिए बने डिवाइडर और रेलिंग ही लोगों के लिए शॉर्टकट बन गए हैं। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह रेलिंग तोड़कर अवैध कट बना दिए गए हैं। इनसे वाहन अचानक हाईवे पर पहुंचते हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। जमुका को एनएचएआई ब्लैक स्पॉट घोषित कर चुका है, इसके बावजूद यहां अवैध कट खुले हैं। सर्दी में कोहरे के दौरान इनसे खतरा और बढ़ने की आशंका है। हरदोई बाइपास चौराहे से गुर्री चौकी तक करीब 16 अवैध कट बने हैं।
बाड़ीगांव, अटसलिया ओवरब्रिज, नहर पटरी रोड, जमुका और चकभिटारा के पास लोगों ने लोहे की रेलिंग और डिवाइडर तोड़कर रास्ते बना लिए हैं। वाहन चालक इन कटों से उल्टी दिशा में भी निकलते हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
इसी तरह शाहजहांपुर-हरदोई स्टेट हाईवे पर हरदोई बाइपास से थर्मल पावर परियोजना तक कई अवैध कट हैं। लखनऊ-पलिया हाईवे के निर्माण के चलते इस मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। जल्दबाजी में लोग इन कटों का इस्तेमाल करते हैं।
भक्सी तिराहा और विद्युत निगम कार्यालय के पास भी अवैध कट
तिलहर में भक्सी तिराहा और विद्युत निगम कार्यालय के पास डिवाइडर तोड़कर कट बनाए गए हैं। भक्सी तिराहा पर पहले भी हादसे होते रहे हैं। यहां अंडरपास को मंजूरी मिल चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोहरे से पहले अवैध कट बंद नहीं हुए तो दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाएगा। जिला प्रशासन ने पिछले सप्ताह संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को अवैध कट बंद कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन कई स्थानों पर अब भी स्थिति जस की तस है।
अवैध कटों को चिह्नित करने का काम किया जा रहा है। अवैध कटों को 15 दिन के अंदर बंद कर दिया जाएगा। हाईवे की निगरानी बढ़ाई जाएगी। अगर कोई अवैध कट बनाते हुए पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
-अभय भूषण, पीडी, एनएचएआई
दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमुका गांव के पास अवैध कट से गुजरता बाइक सवार। संवाद- फोटो : Archive