परौर। चौकिया साधन सहकारी समिति के गोदाम पर सोमवार को यूरिया लेकर दूसरा ट्रक भी पहुंच गया। हालांकि, खाद का वितरण नहीं होने से समिति के गोदाम से तमाम किसानों को मायूस लौटना पड़ा। समिति के कर्मचारियों के अनुसार किसानों को मंगलवार से खाद बांटी जाएगी।
चौकिया समिति के गोदाम पर एक ट्रक यूरिया पहले ही पहुंच चुकी है। पिछले स्टॉक की भी 100 बोरी यूरिया बची हुई है। इस तरह गोदाम पर 1100 बोरी यूरिया उपलब्ध हो चुकी है। खाद आने की सूचना पाकर वहां दोपहर से किसान पहुंचने लगे।
शाम चार बजे तक किसानों की खासी भीड़ जमा हो गई, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल सकी। समिति के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार से किसानों को खाद मिलने लगेगी। उन्होंने बताया कि 1100 बोरी यूरिया बांटे जाने के बाद भी वितरण जारी रखने के लिए मुख्यालय को यूरिया की अतिरिक्त मांग भेजी जा चुकी है।