मृतक किशन सिंह का फाइल फोटो। स्रोत:परिजन
शाहजहांपुर। जिला लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के नौआतारा गांव निवासी 17 वर्षीय किशन सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक किशन के बड़े भाई रजनीश सिंह ने मोहम्मदी थाने में तहरीर दी।
रजनीश ने बताया कि भाई किशन के साथ होली मिलने के लिए बुआ के घर आंवला गए थे। इसके बाद अपनी-अपनी बाइकों से वापस घर के लिए जा रहे थे। जैसे ही भाई किशन मोहम्मदी क्षेत्र में हरिहरनगर गुरुद्वारे के पास पहुंचा। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली से भाई की बाइक टकरा गई।
हादसे में भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख वह रुका और तुरंत यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद भाई को ले जाकर मोहम्मदी सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद भाई की हालत नाजुक देख शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल काॅलेज भेज दिया। यहां भाई की उपचार के दौरान मौत हो गई।
रजनीश सिंह ने बताया कि भाई किशन 12वीं का छात्र था। पढ़ाई में काफी होनहार था। तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वहीं, शाहजहांपुर पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंची मौसेरी बहन नीलम शव को देख रो पड़ी। परिवार के लोगों ने नीलम को संभाला और सांत्वना दी।